-ट्रक परियोजना बरमाणा ने लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ट्रक परियोजना बरमाणा ने मंगलवार को बरमाणा में ट्रक चालकों के लिए जागरुकता शिविर लगाया। शिविर में डॉक्टर विवेक चंदेल ने ट्रक चालकों के स्वास्थ्य की जांच की और स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। परियोजना से परामर्शदाता राजेश शर्मा ने बताया कि लायुल ट्राइबल वेलफेयर एसोसिएशन जिले में एचआईवी/एड्स के बारे में जागरूक कर रही है। एचआईवी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी 1097 टोल फ्री नंबर पर दे सकते हैं और एचआईवी से संबंधित शंका का समाधान पा सकते हैं। परामर्शदाता सुरेंद्र कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज युवा पीढ़ी नशे के गर्त में धंसती जा रही है। इसका एकमात्र कारण यह है कि युवाओं को सही जानकारी सही समय पर नहीं मिल रही है। देश का उज्ज्वल भविष्य युवाओं पर टिका है। देश की युवा पीढ़ी ही गलत रास्ते में जाने लगे, तो निश्चित ही उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। युवा वर्ग को जिंदगी के हर पहलू को जीने की इच्छा होती है। युवा वर्ग नशे को अपनी शान समझते हैं। वह शराब, गुटखा, तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट का नशा करते हैं। उनकी पार्टी नशे के बगैर अधूरी है। उन्होंने बताया कि आजकल सुइयों के प्रयोग से नशा लेने का प्रचलन चला हुआ है। आजकल के युवा इस नशे की लत के आदी होते जा रहे हैं। इससे सुइयों के साझे प्रयोग की संभावना बढ़ जाती है। यदि कोई सुइयों का समूह में इस्तेमाल कर रहा है, तो उसको एचआईवी और हेपेटाइटिस बी और सी होने का खतरा बढ़ जाता है। परियोजना की ओर से बिलासपुर में नशे के प्रति युवाओं को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को नशे के अंधकार से मुक्त किया जा सके। इस जागरुकता शिविर में परियोजना से राजेश शर्मा, घनश्याम, जगदीश, सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।