बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंदला में सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कौशल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, निबंध लेखन और मॉडल मेकिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वहीं सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य भाग सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। रोड सेफ्टी क्लब की अध्यक्ष शीला के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।