बिलासपुर महाविद्यालय में मनाया सुरक्षित इंटरनेट दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में कॅरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल, एनआईसी विभाग बिलासपुर ने सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया। समारोह के मुख्यातिथि महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल रहे। मुख्यातिथि ने विद्यार्थियों को इंटरनेट उपयोग से संबंधित होने वाली विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि हमें इंटरनेट का प्रयोग सिर्फ अपनी पढ़ाई के लिए करना चाहिए ताकि हमारा जीवन सफल बन सके। आज इंटरनेट मानव जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है। इसका दुरुपयोग किया जाए तो यह मानव के लिए घातक भी सिद्ध हो सकता है। एनआईसी बिलासपुर से आए हुए संयुक्त निदेशक (आईटी) व जिला इनफॉर्मेटिक ऑफिसर राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर हाइजीन के बारे में चलचित्र के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह से हम इंटरनेट का उपयोग पढ़ाई, बैंकिंग और अन्य सोशल मीडिया के लिए बिना किसी सुरक्षा थ्रेट्स के कर सकते हैं। कॉलेज के कॅरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने साइबर सुरक्षा से संबंधित खतरों और बचाव के बारे में विद्यार्थियों को अवगत करवाया। इस अवसर पर एनआईसी इं. विवेक गुप्ता और इं. श्याम कौशल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही महाविद्यालय से प्रोफेसर सुरजीत चंदेल, डॉ. नम्रता पठानिया, प्रो. पवन कुमार, प्रो. हितेश आदि उपस्थित रहे।