जिले के विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों में मानदेय के आधार पर होंगी नियुक्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पशुपालन विभाग बिलासपुर में 17 मल्टी टास्क वर्कर (पशु मित्र) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह नियुक्तियां जिले के विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों में मानदेय के आधार पर की जाएंगी। इस संबंध में कार्यालय उपनिदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन बिलासपुर की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को प्रतिदिन 4 घंटे कार्य करना होगा, इसके बदले उन्हें 5,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 5 फरवरी को दोपहर 3:00 बजे तक अपने संबंधित उपमंडलीय कार्यालयों में आवेदन जमा करवा सकते हैं। भर्ती के लिए योग्यता 10वीं पास रखी गई है और आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है। चयन प्रक्रिया के पहले चरण में शारीरिक परीक्षण लिया जाएगा। इसमें उम्मीदवार को 25 किलोग्राम वजन लेकर 100 मीटर की दौड़ 1 मिनट में पूरी करनी होगी। बस्सी, घवांडल, नम्होल, स्वारघाट, छकोह, नांगेठाकुर, दुलहेत, पट्टा, चुवाड़ी, कपाहड़ा, बरोटा, डांगर, बेहल नूवाण, भराड़ी, समोह, बाह पदोरी और नखलेहड़ा में यह भर्ती होगी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार उसी ग्राम पंचायत या स्थानीय निकाय का निवासी होना चाहिए, जहां के लिए आवेदन किया जा रहा है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।