राधा कृष्णा स्कूल घंडालवीं की अपूर्वी को प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल करने पर मिठ
प्रधानाचार्य ने छात्रा को मिठाई खिलाकर दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के बाद राधा कृष्णा सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल घंडालवीं की अपूर्वी ने प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है। बोर्ड की ओर से पहले घोषित परीक्षा परिणाम में अपूर्वी के 500 में से 483 अंक आए थे। अपने परिणाम से पूरी तरह संतुष्ट न होने पर उसने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। पुनर्मूल्यांकन के बाद उसके अंक बढ़कर कुल 485 हो गए, जिसके साथ ही उसने प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया। अपूर्वी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। उसका सपना आईएएस अधिकारी बनकर लोगों की सेवा करना है। प्रधानाचार्य सुनील ठाकुर ने अपूर्वी को इस उपलब्धि पर मिठाई खिलाकर बधाई दी।