औहर के ठाकुरद्वारा मंदिर में समाजसेवी कृष्ण देव सेरूआ को सम्मानित करते ग्रामीण। संवाद
ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर शॉल-टोपी से किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। औहर स्थित ऐतिहासिक ठाकुरद्वारा मंदिर में युवा समाजसेवी कृष्ण देव सेरूआ ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने लगातार 26 दिनों तक बिना किसी पारिश्रमिक के मंदिर में निशुल्क पेंट और रंग-रोगन का कार्य किया। कृष्ण देव ने मंदिर की दीवारों, मुख्य द्वार और परिसर के विभिन्न हिस्सों में रंग-रोगन कर मंदिर को आकर्षक रूप दिया। उनकी निस्वार्थ सेवा से प्रभावित होकर ग्रामवासियों ने मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान कृष्ण देव को फूल-मालाएं पहनाकर शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि कृष्ण देव ने धार्मिक स्थल की सेवा कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। उनके प्रयास से मंदिर परिसर पहले से अधिक सुंदर और स्वच्छ नजर आ रहा है। इस मौके पर बक्शी राम ठाकुर, वेद प्रकाश शर्मा, प्रेम लाल शर्मा, विजयपाल ठाकुर, संजू, मदन लाल राणा, कार्तिक शर्मा, अनूप शर्मा और विभांशु शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।