एसडीएम ने बैठक में दवाइयों और राशन का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। सर्दियों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें। यह निर्देश एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बुधवार को एसडीएम सभागार में शीतकालीन तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को सर्दियों के दौरान आवश्यक सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने को कहा, ताकि सर्दियों में मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को राशन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने पंचायतों को भी शीतकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारियां रखने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सर्दियों के दौरान सड़कों को यातायात के लिए दुरुस्त रखने और सड़कों पर आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। इसके अलावा बिजली और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए भी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया कि वे सर्दियों को ध्यान में रखते हुए अपने घरों में पर्याप्त राशन का स्टॉक पहले से जमा करके रखें। उन्होंने कहा कि समय रहते तैयारियां करने से बर्फबारी और खराब मौसम के दौरान होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है। बैठक में डीएसपी राजीव मेहता, बीडीओ विवेक टेसू, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पीसी हंसरोट, राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ ज्ञान भारती, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।