एसीटूडीसी बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते एम्स निर्माण में लगे वर्कर।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। एम्स निर्माण में लगे वर्करों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर शनिवार को अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। एम्स प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एम्स के कर्मचारी नेता पुनीत कुमार की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उन्होंने एसी टू डीसी के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर भी मौजूद रहे। धरना लगभग एक घंटे तक चला। आशीष ठाकुर ने कहा कि पिछले दो से तीन वर्षों से कार्य कर रहे वर्करों को बिना नोटिस बाहर किया जा रहा है। एम्स प्रशासन ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रहा है। मात्र 320 रुपये दिहाड़ी पर काम करवाया जा रहा है। ठेकेदार स्थानीय लोगों को काम पर रख रहे हैं उनके पास ईपीएफ नंबर तक नहीं है। ईएसआई की सुविधा तक नहीं दी जा रही है। न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा है।
वर्करों ने एम्स प्रशासन को चेताया है कि अगर एक हफ्ते में कर्मचारियों की नियुक्ति बहाल नहीं हुई और न्यूनतम वेतन नहीं दिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन व एम्स प्रशासन की होगी। इस मौके पर जगदीश कुमार, सूरज कुमार, सतपाल, सुरेंद्र कुमार, पूजा देवी, कांता देवी, अर्चना देवी, सरस्वती देवी, निर्मला, संगीता, कल्पना, सीमा, वंदना, राम प्यारी आदि उपस्थित रहे।