संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों और गलत निर्णयों के खिलाफ संयुक्त ट्रेड यूनियन के आह्वान पर बरमाणा में ट्रांसपोर्टरों और बिलासपुर में बीमा कर्मियों ने प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एंप्लाई संगठन बिलासपुर शाखा के बैनर तले तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल की। इस मौके पर शाखा सचिव अमित ठाकुर, बाल सुख, संजू पटियाल, अंशुल शर्मा, प्रिय वर्मा, पुनीत माधव, रणबीर सिंह आदि उपस्थित रहे। उन्होंने श्रम संहिताएं रद्द करो, बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई का निर्णय वापस लो, श्रम कानूनों में परिवर्तन नहीं चलेगा, बीमा प्रीमियम पर जीएसटी वापस लो आदि नारे लगाए। बरमाणा में ट्रांसपोर्टर और चालक बीडीटीएस भवन में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों में कटौती, निजीकरण की नीतियों और श्रम कानूनों में किए गए बदलावों को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया। कई वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।