बिलासपुर अस्पताल में एमडी मेडिसिन का पद न भरे जाने पर बिलासपुर शहर में विरोध रैली निकालते हुए युव
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। युवा कांग्रेस ने क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में रिक्त चल रहे एमडी मेडिसिन और रेडियोलॉजिस्ट के पद नहीं भरने के विरोध में रोष रैली निकाली। इसकी अगुवाई युकां के जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर ने की।
यह रैली परिधि गृह से उपायुक्त कार्यालय तक निकाली गई। इस दौरान युवाओं ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आशीष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में एक ऐसी सरकार सत्ता में है जिसे आम जनमानस के हितों की कोई परवाह नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का गृह क्षेत्र होने के बावजूद क्षेत्रीय अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम है। पिछले दो साल से एमडी मेडिसिन न होने की वजह से क्षेत्रीय अस्पताल रेफरल अस्पताल बन गया है। रेडियोलॉजिस्ट न होने की वजह से अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। युवा कांग्रेस ने हाल ही में 13 दिन तक क्रमिक भूख हड़ताल की। उपायुक्त के आश्वासन पर भूख हड़ताल खत्म की थी लेकिन फिर भी चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की जा रही है। उन्होंने चेताया कि तीन दिनों में क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए अन्यथा युवा कांग्रेस का आंदोलन और उग्र होगा। इस मौके पर जिला युकां महासचिव नरेश कुमार, जिला महासचिव पंकज ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।