20 छात्र-छात्राओं का जांचा स्वास्थ्य, किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण और मासिक धर्म स्वच्छता की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धनी में बुधवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को नशे, फास्ट फूड और मानसिक तनाव से दूर रहने की सलाह दी। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण की जानकारी दी गई। इस दौरान 20 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने कहा कि 10 से 19 वर्ष की उम्र में किशोरों में शारीरिक और मानसिक बदलाव होते हैं। ऐसे में परिवार, स्कूल और स्वास्थ्य विभाग का मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, नशे, एनीमिया और गैर संचारी रोगों से जुड़ी जानकारी दी। स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने मानसिक परेशानी के संकेत बताते हुए विद्यार्थियों से समस्या छिपाने के बजाय अभिभावक, शिक्षक या स्वास्थ्यकर्मी से बात करने की अपील की। मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए 14416 टोल फ्री नंबर की जानकारी भी दी गई। किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन और मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में जागरूक किया गया। 20 विद्यार्थियों का हीमोग्लोबिन और वजन जांचा गया। एनीमिया पाए गए विद्यार्थियों को आयरन और एल्बेंडाजोल की गोलियां दी गईं। भाषण और चार्ट प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।