बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में सेंट्रलाइज काउंसलिंग बुधवार को हुई जिसमें सभी विद्यार्थियों को अपनी इच्छा के अनुसार विषय चुनने का मौका दिया गया था। महाविद्यालय में अब प्रथम वर्ष में इतिहास, राजनीति शास्त्र विषय में एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग में, अर्थशास्त्र, भूगोल, संस्कृत, संगीत, पत्रकारिता, हिंदी, अंग्रेजी, टूरिज्म, लोक प्रशासन विभाग और संस्कृत विषय में कुछ सीटें खाली हैं। अगर कोई विद्यार्थी बीए, बीएससी और बीकॉम में दाखिला लेना चाहता है और अभी तक फार्म नहीं भरा है तो वह 15 जुलाई तक दोपहर 2:00 बजे तक महाविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को काउंसलिंग के लिए कॉलेज में उसी दिन दोपहर 2:00 बजे के बाद अपने सभी दस्तावेज लेकर आना होगा। अगर किसी विद्यार्थी ने प्रथम वर्ष के लिए पहले फार्म भर दिया है, लेकिन किसी कारणवश पहली काउंसलिंग में नहीं आ पाए हैं वे भी दूसरी काउंसलिंग के लिए 15 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे महाविद्यालय में आ सकते हैं। दूसरी काउंसलिंग में आए सभी विद्यार्थियों को अपनी फीस उसी दिन ही ऑनलाइन महाविद्यालय के पोर्टल के माध्यम से जमा करवानी होगी।
प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. नीना वासुदेवा ने बताया कि मेरिट वाइज विषय बार सूची महाविद्यालय की वेबसाइट और कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर लगाई गई है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया कि जल्द महाविद्यालय में दाखिला लें।