बिलासपुर। सदर थाना पुलिस ने थाना प्रभारी यशवंत सिंह की अगुवाई में वीरवार को शहर भर में हो रही शादियों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी भी समारोह में कोई भी कोविड नियमों की अवहेलना करते हुआ नहीं पाया गया। वहीं, पुलिस ने शहर के बाजार में भी गश्त की और बस अड्डा का भी दौरा किया। थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि बस अड्डा में दो बसों में 50 फीसदी से अधिक सवारियां बिठाने के लिए बस के परिचालक का चालान काटा गया। वहीं, इसके अलावा बस अड्डा के बाहर भी नियम का उल्लंघन करने पर एक और गाड़ी के चालक का भी चालान काटा गया। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते हुए कोरोना के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का पालन करना अति आवश्यक है। अगर कोई इसकी अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।