बिलासपुर। प्रदेश के प्रवेश द्वार स्वारघाट में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मारड़ामोड़ के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 945 ग्राम डोडा चूरा पोस्त के साथ रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी नालागढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस थाना स्वारघाट की टीम के मारड़ामोड़ क्षेत्र में गश्त पर थी। एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाकर पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रमेश चंद (26) पुत्र राम सिंह, निवासी गांव जुखाड़ी, डाकघर गलोट, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसपी संदीप धवल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।