बिलासपुर। दिल्ली से एक विदेशी मूल के व्यक्ति से चिट्टा खरीदकर ला रहे दो युवक विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) के हत्थे चढ़ गए। इनसे कुल 20.43 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। सदर थाना पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआईयू की टीम ने सोमवार रात को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौणी चौक पर नाका लगा रखा था। रात करीब साढ़े तीन बजे स्वारघाट की ओर से आ रही एक निजी वोल्वो को रोका गया। जांच करते समय बस में बैठे दो युवकों उठाया तो एक सीट पर प्लास्टिक के लिफाफे में पुड़िया दिखा दी जिसे खोलकर देखा उसमें चिट्टा मिला। शक के आधार पर दूसरे युवक के बैग की तलाशी ली गई तो उससे भी चिट्टा मिला। दोनों से 20.43 ग्राम चिट्टा मिला।
आरोपियों की पहचान अजय कुमार (21) निवासी गांव गलासी डाकघर दाबला तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर और विवेक शर्मा (25) निवासी गांव कोटला डाकघर बाड़ी मझेड़वा तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। युवकों ने बताया कि चिट्टा दिल्ली से किसी नाईजीरियन मूल के व्यक्ति से खरीदकर लाए हैं। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।