कजाकिस्तान रवाना होने से पहले तकनीकी शिक्षा मंत्री के साथ आईटीआई प्रशिक्षु। स्रोत: जागरूक पाठक
आधुनिक उद्योगों और कार्य संस्कृति का मिलेगा अनुभव
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षुओं का एक प्रतिनिधिमंडल तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट के लिए रविवार को कजाकिस्तान रवाना हुआ। इस दौरे का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकी शिक्षा, आधुनिक औद्योगिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति से परिचित कराना है। रवाना होने से पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को विश्व स्तरीय तकनीकी शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर कार्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास, व्यावसायिक दक्षता और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान करेंगे, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से विदेश में हिमाचल प्रदेश और भारत का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करने का आह्वान करते हुए कहा कि कजाकिस्तान में प्राप्त ज्ञान, अनुभव और आधुनिक तकनीकों का उपयोग प्रदेश की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में करें।