कुश्ती की तैयारियों को लेकर बैठक, कमेटी का नाम बदलकर रखा श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ
शिवम को सर्वसम्मति से बनाया दंगल कमेटी का प्रधान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई में 30 अप्रैल को महा दंगल होगा। इसके लिए मंगलवार को संरक्षक तारा दत्त शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें दंगल की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के दौरान वर्ष 2025 की आय और व्यय पर चर्चा की गई और पिछले छह साल में कुल 37 लाख 34 हजार 423 रुपये खर्च पर प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही अन्य मदों में कमेटी का नाम बदलकर श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ दंगल कमेटी शाहतलाई रखा गया। सर्वसम्मति से शिवम चौहान को कमेटी का प्रधान नियुक्त किया गया। इसके बाद महा दंगल में अंडर-21 माली विजेता को 11,000 रुपये, गुर्ज और उपविजेता को 10, 000 रुपये की राशि रखी गई। शाहतलाई केसरी, बिलासपुर केसरी और हिमाचल केसरी के लिए लाखों के नाम बरसेंगे। इसके अलावा अन्य स्पेशल कुश्ती अलग से रखी गई है। अन्य प्रस्तावों में गत वर्ष कार्यक्रम के लिए सामान खरीद, अन्य व्यवस्थाओं और नए नाम की रसीद बुक लेटर पैड इत्यादि पर स्वीकृति प्रदान की गई। पवन कौशल ने बताया कि 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। उसके बाद महा दंगल स्थल पर हनुमान चालीसा के साथ दंगल का शुभारंभ किया जाएगा। बैठक में शिवम चौहान, राजकुमार कौशल, बलदेव कुमार, योगेंद्र चौधरी, पविंदर शर्मा, प्रदीप कतना, जय गोपाल कौशल, साबू शर्मा, जगदीश चौधरी, जोध सिंह, संजीव नेगी, पंकज शर्मा, सतीश कुमार विकास वात्स्यायन ने भाग लिया।