बिलासपुर। उप जिला अधिकारी निरंकार सिंह ने बुधवार को राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय का सुबह सवा 10 बजे निरीक्षण किया। चौकीदार लक्ष्मी देवी गैरहाजिर मिलीं। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप सिंह को निर्देश दिए कि वह निष्प्रयोज्य सामान की सूची बनाते हुए उसका निस्तारण करें और कार्यालय का रखरखाव तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर करें। इसके बाद एसडीएम बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंचे। यहां पर बाल विकास परियोजना अधिकारी मुदिता तिवारी व माया देवी गंगवार गैरहाजिर मिलीं। उन्हें बताया गया कि वह दोनों ट्रेनिंग में गई हैं। मगर, एसडीएम को ट्रेनिंग के संबंध में कोई पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया और न ही भ्रमण पंजिका प्रस्तुत की गई। इसके बाद एसडीएम ब्लाक संसाधन केंद्र पहुंचे। यहां पर कर्मचारी भीम प्रकाश, शीशपाल, सलमान, अजय कुमार, सुधीर कुमार गैरहाजिर मिले। एसडीएम ने गैरहाजिर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति सहित रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है। एसडीएम ने बताया कि बिना अनुमति गैर हाजिर होना लापरवाही का घोतक है। इन सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।