नैनीताल हाईवे पर पांच घंटे जाम में फंसे रहे वाहन
बिलासपुर (रामपुर)।
नैनीताल हाईवे पर अतिक्रमण व साप्ताहिक पैठ के कारण वाहन पांच घंटे से अधिक जाम में फंसे रहे। हाईवे से वाहन रेंग रेंग कर गुजरे। जिस कारण यात्री बेहद परेशान रहे। नैनीताल हाईवे पर बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे जाम लगने लगा। कुछ देर में हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरु हो गईं। हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस दिन भर जाम को खुलवाने मेें लगी रही। फिर भी वाहन शाम चार बजे तक रेंग- रेंग कर गुजरे। जाम में फंसे लोगों खासकर स्कूली बच्चों का बुरा हाल रहा। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। कोतवाली प्रभारी सुनील अहलावत ने बताया कि साप्ताहिक बाजार के दिन अक्सर जाम लग जाता है। फिर भी जाम के मद्देनजर पुलिस को जाम को खुलवाने के लिए मुख्य स्थानों पर तैनात किया, ताकि जाम न लगे। उन्होंने जाम लगने की वजह हाईवे किनारे फैला अतिक्रमण भी बताया।