अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। कॉल सेंटर 104 में डायल करके कोई भी व्यक्ति किसी भी चिकित्सा सेवा संस्थान से चिकित्सा संबंधी परामर्श ले सकता है। भोजन में हमेशा आयोडीन युक्त भोजन का ही प्रयोग किया जाना चाहिए। आयोडिन की कमी से घेंघा हो सकता है। आयोडीन रहित नमक की बिक्री प्रतिबंधित है। यह जानकारी फोक मीडिया के कलाकारों ने लोगाें को दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे प्रचार अभियान के दौरान जड्डू बाजार व महिला मंडल भवन गाह-घोडी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। फोक मिडिया के नुक्कड़ नाटक और गीत-संगीत के माध्यम से कलाकारों ने मातृ एवं शिशु निगरानी के तहत बताया कि इसके तहत गर्भवती महिलाओं व 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को मदद प्रदान की जा रही है। कलाकारों ने उपस्थित लोगों को बताया कि 104 डायल करके कोई भी व्यक्ति किसी भी चिकित्सा सेवा संस्थान से चिकित्सा संबंधी जानकारी और सलाह, युवा परामर्श सेवा व अन्य परामर्श सेवा का लाभ उठा सकता है। इसी कड़ी में सोमवार को टीहरी व मरोतन में लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।