तन्यूर एक सप्ताह से पानी के लिए हाहाकार
विभाग को अवगत करवाने के बाद भी हल नहीं हुई समस्या
ग्रामीणों ने दी विभाग का घेराव करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत आने वाली बड़ोल पंचायत के गांव तन्यूर में पिछले सात दिनों से ग्रामीणों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इससे गांव में इन दिनों पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी न आने से उपमंडल झंडूता के तहत बडोल पंचायत के गांव तन्यूर में सात दिन से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते इस गांव के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। इस संबंध में जब विभाग को समस्या के बारे में अवगत करवाया तो विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन सालों से ठेकेदार के तहत इस स्कीम को चलाया जा रहा है। इस समस्या को संबंधित ठेकेदार को बताएं। इस गांव के लोगों ने बताया कि हमने कई बार ठेकेदार से इस संबंध में बात की लेकिन वह भी केवल आश्वासन ही दे रहा है। इस स्कीम में जो लोग पानी छोड़ने का कार्य कर रहे हैं वे भी अपनी मनमर्जी से पानी छोड़ते हैं। किसी गांव में तो वे सारा दिन पानी छोड़ रखते हैं, जबकि किसी गांव में पानी नहीं छोड़ते हैं। हमारे इस गांव में जो पानी छोड़ने का कार्य करता है, वह लोगों को डराता धमकाता है और अपनी मर्जी से पानी छोड़ने की बात कहता है। इस संबंध में इस गांव के अश्वनी कुमार, गज्जन राम, संतोष कुमारी, बंती देवी, ममता कुमारी, देवकी, निर्मला, विमला सुभाष चंद, कृष्ण दयाल, प्रकाश चंद जमना देवी, पूनम कुमारी, निक्की देवी सहित गांव के सभी लोगों ने विभाग के अधिकारियों से संबंधित ठेकेदार से शीघ्र पानी की इस समस्या का हल करवाने का अनुरोध किया है अन्यथा सोमवार को पूरे गांव के लोग विभाग के अधिकारियों का घेराव करने पर मजबूर हो जाएंगे। क्योंकि इस गांव में कोई भी पानी का प्राकृतिक स्रोत नहीं है। उधर, आईपीएच विभाग उपमंडल झंडूता के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि जल्द लोगों की पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।