अमर उजाला ब्यूरो
नयना देवी (बिलासपुर)।
विश्वविख्यात शक्ति पीठ श्री नयनादेवी में गुप्त नवरात्र के तीसरे दिन सोमवार को करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने मां के दर पर शीश नवाया। सोमवार को छुट्टी के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में एकाएक बढ़ोतरी देखने को मिली। श्रद्धालुओं को घंटों कतारों में लगकर मां के दर्शन किए। एकाएक बढ़ी श्रद्धालुओं की आमद ने व्यापारियों के चेहरों पर रौनक आ गई है। मंदिर न्यास और पुलिस प्रशासन ने भीड़ पर नियंत्रण रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रविवार रात से ही नयनादेवी में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास ने भी मंदिर कपाट सुबह तीन बजे ही खोल दिए थे। गुप्त नवरात्र के दौरान पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंचे। हालांकि रविवार को भी एक लाख श्रद्धालुओं ने मां के दर माथा टेका था। शाम होते-होते भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ज्यों की त्यों बरकरार रही। मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं को 5 से 6 घंटे लाइन में खड़ा होना पड़ा। भीड़ पर काबू पाने के लिए जत्थों में भक्तों को माता के दर्शनों को भेजा गया। मंदिर अधिकारी मदन सिंह चंदेल के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में मंदिर भेजा गया। इससे भीड़ पर पूरी तरह नियंत्रण बना रहा। होमगार्ड के इंचार्ज मंगतराम ने भी समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भीड़ पर नियंत्रण कायम रखा।