संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में श्रावण अष्टमी मेले के आठवें दिन भारी बारिश भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा को नहीं रोक सकी। शुक्रवार को करीब 40,000 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश झुकाकर सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही श्री नयनादेवी क्षेत्र में धुंध छायी रही। दोपहर बाद भारी बारिश होने पर भी श्रद्धालुओं के जोश में कमी नहीं आई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सुरक्षा कर्मियों ने मंदिर परिसर से लेकर नए बस अड्डे तक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए हैं। 200-200 श्रद्धालुओं को एक बैरिकेड से अगले तक भेजते रहे।
मंदिर अधिकारी राज कुमार ने बताया कि श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने 18,83,802 रुपये, 18 ग्राम सोना और 4.7 किलोग्राम चांदी का चढ़ावा चढ़ाया।