बद्दी में विश्व मानव रूहानी केंद्र ने लगाया रक्तदान और चिकित्सा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी के साथ लगते विश्व मानव रूहानी केंद्र की ओर से रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 112 लोगों ने रक्तदान किया तथा 3762 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में पीजीआई चंडीगढ़ के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्र किया। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं भी वितरित कीं। संस्था की महासचिव हरजीत कौर ने बताया कि विश्व मानव रूहानी केंद्र एक परोपकारी संस्था है, जो 2005 से मानव सेवा के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था हरियाणा सोसायटी पंजीकरण अधिनियम 2012 के तहत पंजीकृत है और इसकी देशभर में करीब 259 शाखाएं हैं। उन्होंने बताया कि नवांनगर केंद्र में पीजीआई चंडीगढ़, एमईआर चंडीगढ़ तथा सेक्टर-32 मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की टीमों के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। वहीं पिछले चार दिनों से 24 घंटे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी जारी है। संस्था के स्वयंसेवकों के अनुसार यह चिकित्सा शिविर 29 मार्च तक निरंतर चलेगा, जबकि 28 मार्च को एक और रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे मरीजों को त्वरित सहायता मिल रही है।