फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: जिला परिषद की बैठक में गूंजे 220 मामले, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

विज्ञापन
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में मौजूद अधिकारी व जिला परिषद सदस्य। स्रोत: डीपीआर
विज्ञापन
सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और परिवहन से जुड़ी समस्याएं उठाईं, कोलडैम प्रभावितों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग
विज्ञापन

बंद बस रूट बहाल करने, स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी और लंबित लाइसेंस मामलों का मुद्दा भी उठा

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं से जुड़े करीब 220 मामले उठाए गए। इनमें सड़क, पेयजल, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सदस्यों ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी का मामला उठाया। वहीं, बंद पड़े बस रूटों पर दोबारा सेवाएं शुरू करने और स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और पेयजल की समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया। वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और शस्त्र लाइसेंस से जुड़े आवेदनों के निपटारे में हो रही देरी पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरे दस्तावेज जमा करवाने के बावजूद लोगों के आवेदन लंबे समय तक लंबित रहते हैं। इस पर अधिकारियों को निर्धारित समय में मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बरसात से प्रभावित गरीब परिवारों की पशुशालाओं और सुरक्षा दीवारों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत देने की मांग उठाई गई। विस्थापित परिवारों से जुड़े राजस्व मामलों के समाधान पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा एनटीपीसी कोलडैम प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने, सीएसआर के तहत विकास कार्यों का लाभ प्रभावित गांवों तक पहुंचाने और स्थानीय ठेकेदारों को काम में उचित अवसर देने की मांग की गई। कोलडैम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों और क्षेत्र की सीवरेज योजना को उन्नत करने का मुद्दा भी उठाया गया। जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर ने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और आगामी बैठक में उन पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें