ब्रिगेडियर डॉक्टर राघवानंद शर्मा को सलामी देते पूर्व सैनिक।
- फोटो : अमर उजाला
घुमारवीं (बिलासपुर)। ब्रिगेडियर डॉक्टर राघवानंद शर्मा का उनके पैतृक गांव दधोल में अंतिम संस्कार किया गया। इसमें पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश के सदस्यों और पूर्व सैनिकों ने डॉ. राघवानंद को सलामी एवं फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। ब्रिगेडियर को मुखाग्नि बड़े बेटे कैप्टन हरजीत शर्मा ने दी। ब्रिगेडियर के पांच पौत्र पौत्रियां हैं, जिनमें से एक सेना में कैप्टन है, एक एम्स अस्पताल में डॉक्टर है, जबकि तीन अभी पढ़ रहे हैं। सूबेदार प्रकाश चंद ने इनके देहांत पर गहरा शोक प्रकट किया और उन्होंने बताया कि ब्रिगेडियर राघवानंद ने आर्मी में लगभग 40 वर्षों तक आर्मी मेडिकल कोर में अपनी सेवाएं दीं। वह हिमाचल के सर्वप्रथम एमबीबीएस डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे। पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश के सदस्य कैप्टन दाता राम, सूबेदार मेहर सिंह, सूबेदार बीर सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की तरफ से कानूनगो वीरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।