अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला बिलासपुर की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक प्रधान नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान विधायक घुमारवीं राजेंद्र गर्ग भी उपस्थित रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने विधायक को प्राध्यापकों की लंबित मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। बैठक में पीजीटी पदनाम को बदलकर दोबारा लेक्चरर करने पर चर्चा हुई। इस मुद्दे पर गर्ग ने कहा कि ये मुद्दा गंभीर है और इसका समाधान किया जाएगा। 2003 के बाद नियुक्त और नियमित हुए सभी कर्मचारियों को दी जा रही नई पेंशन स्कीम को बंद करके पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया जाए। विधायक ने कहा कि यह मांग सरकार के पास विचाराधीन है। इसके साथ सभी कर्मचारियों को पुरानी 4-9-14 टाइम स्केल स्कीम को बहाल करने की भी मांग उठाई। इन सभी मांगों को विधायक ने सुन कर सब मांगों को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि कुछ मांगें सरकार के पास विचाराधीन हैं। कार्यकारिणी को आश्वासन दिलाया कि वह इन सब मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान करवाने की कोशिश करेंगे। नरेश ठाकुर ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी बनने के बाद इन सभी मांगों को सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष भी रखा जाएगा। बैठक में महासचिव जगदीश कौंडल, सतीश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सुभाष कौशल, हेमराज, राजेंद्र ठाकुर, बलदेव शर्मा, डॉ. अरविंद शर्मा, चमन कपूर, राजेंद्र चंदेल, गजेंद्र धीमान, सुरेंद्र मेहता, देशराज, राजेंद्र गौतम, राजपाल, प्रशांत, नील कमल, ज्ञान कौशल, राजेश शर्मा, मदनलाल शर्मा, दलेल ठाकुर, राजेंद्र कुमार, राजपाल कपूर, वीरेंद्र कुमार आदि ने भाग लिया।