मां के चरणों में दो सोने के कलश अर्पित
पंजाब की समाजसेवी संस्था ने चढ़ाए
करीब चार लाख बताई जा रही कीमत
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनयना देवी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात मंदिर श्रीनयना देवी में पंजाब की समाजसेवी संस्था ने सोने के दो कलश चढ़ाए हैं। इसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। श्रीनयना देवी लंगर कमेटी की ओर से विधिवत रूप से पूजा अर्चना करके दो सोने के कलश माता के मंदिर में अर्पित किए गए और फिर उन्हें एक कलश प्राचीन हवन कुंड के ऊपर और दूसरा नवनिर्मित शिव मंदिर के ऊपर स्थापित किया गया। संस्था के प्रधान डॉक्टर सतपाल अग्रवाल नाभा पंजाब ने बताया कि इन सोने के कलशों की कीमत करीब चार लाख रुपये है। इनमें 80 ग्राम सोना और 20 किलो तांबा प्रयोग किया गया है। इन कलशों का निर्माण बहुत ही बढ़िया ढंग से करवाया गया है। डॉक्टर सतपाल ने बताया कि पहले भी इस संस्था की ओर से मंदिर में 16 सोने के कलश चढ़ाए गए हैं, जिनमें 12 सोने के कलश मुख्य मंदिर के ऊपर स्थापित किए गए हैं। बाकी एक कलश भैरव जी के मंदिर के ऊपर, एक मां काली के मंदिर पर, जबकि एक बजरंग बली के मंदिर पर स्थापित किया गया है। इस मौके पर स्थानीय पुजारी दीपक भूषण ने पूजा-अर्चना करवाई और विधिवत रूप से सोने के कलश मंदिर के ऊपर स्थापित किए गए। इस मौके पर उनके साथ संस्था के महासचिव रक्षपाल शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार हैप्पी, रमेश कुमार, संदीप पातड़ा, मुरारी पटियाला, सतपाल बंसल, रोशन लाल नाभा, सुशील जैन, छबील दास, सूरजभान और चमन लाल मित्तल मौजूद रहे।