फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: बिलासपुर कॉलेज में एनसीसी नेवी विंग की भर्ती के लिए 200 युवाओं ने दिखाया दमखम

विज्ञापन
बिलासपुर कॉलेज में आयोजित नए कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया में भाग लेते हुए विद्यार्थी। स्रोत: कॉल
विज्ञापन
पीआई स्टाफ और एनसीसी अधिकारियों की देखरेख में हुई शारीरिक व लिखित परीक्षा
विज्ञापन


युवाओं को एनसीसी के महत्व और इसके माध्यम से देश सेवा के अवसरों की दी जानकारी

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में शनिवार को 1 एचपी नेवी यूनिट एनसीसी के तत्वावधान में नए कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया और एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में भर्ती होने आए लगभग 200 प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं और 45 एनसीसी कैडेट्स ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में 1 एचपी नेवी यूनिट के कमान अधिकारी कमांडर सज्जन कुमार ने शिरकत की। उन्होंने युवाओं को एनसीसी के महत्व और इसके माध्यम से देश सेवा के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने सेना के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपना व्याख्यान दिया। वहीं, एनसीसी अधिकारी प्रोफेसर श्रवण कुमार ने वर्तमान कैडेट्स द्वारा वर्ष के दौरान लगाए गए विभिन्न शिविरों और उनकी उपलब्धियों की जानकारी साझा की। जागरूकता सत्र के दौरान युवाओं और कैडेट्स को भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास और कार्यप्रणाली पर आधारित एक विशेष वीडियो दिखाई गई। इसके साथ ही, पिछले वर्ष यूनिट द्वारा आयोजित किए गए रोमांचक सेलिंग अभियान की वीडियो भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा की गई। इस वीडियो के माध्यम से युवाओं को नौसेना के साहसिक अभियानों, बोट पुलिंग और कड़े प्रशिक्षण को करीब से देखने का मौका मिला, जिसने वहां मौजूद सभी छात्र-छात्राओं में देश सेवा का नया जोश भर दिया। सत्र के समापन के बाद महाविद्यालय के खेल मैदान में चयन प्रक्रिया शुरू हुई। नेवी विंग में स्थान पाने के लिए प्रथम वर्ष के युवाओं को कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरना पड़ा। नेवी यूनिट के पीआई स्टाफ और महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारियों की सीधी देखरेख में यह पूरी चयन प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई। अधिकारियों की निगरानी में सबसे पहले युवाओं की दौड़ लगवाई गई, जिसके बाद पुश-अप्स सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण हुए। शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा ली गई और अंत में व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से प्रतिभागी युवाओं की योग्यता को परखा गया। इस मौके पर कॉलेज के एनसीसी अधिकारी प्रो. सुरेश जमवाल सहित नेवी यूनिट का पीआई स्टाफ भी विशेष रूप से उपस्थित रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें