- भूमि मालिक का आरोप ठेकेदार ने बिना सहमति से काटे पेड़
- ठेकेदार न मौके पर आया, न नुकसान की भरपाई की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भराड़ी थाना के तहत पड़यालग गांव में निजी भूमि से पॉपलर के 200 पेड़ काट दिए। भूमि मालिक ने इसकी शिकायत भराड़ी थाना में दर्ज करवाई है।
पड़यालग गांव के सुभाष चंद ने बताया है कि उसकी जमीन पर कई साल पहले पॉपलर के 200 पेड़ लगाए थे। सोमवार को मवेशियों को चारा लाने के लिए वह अपनी जमीन में गया तो देखा कि पॉपलर के सभी पेड़ काट दिए गए थे। दो व्यक्ति उन काटे गए पेड़ों को ढोने में लगे थे। उन दोनों व्यक्तियों से पूछा तो बताया की ठेकेदार पवन कुमार के पास लेबर का काम करते हैं। पवन कुमार ने इन पेड़ों को काटने को कहा था। इसके बाद ठेकेदार पवन को फोन किया और पेड़ों के काटने के बारे में पूछा। ठेकेदार ने कहा कि वह मौके पर आकर बात करेगा। लेकिन वह नहीं आया। न ही नुकसान की भरपाई की। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज आगामी कार्रवाई की जा रही है।