बिलासपुर। बैल पूजन और खूंटा गाड़ कर बिलासपुर राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का रविवार को शुभारंभ हुआ। इस मौके पर श्री लक्ष्मी नाराण मंदिर से मेला ग्राउंड लुहणू तक शोभायात्रा भी निकाली गई। सुबह करीब 12 बजे डीसी बिलासपुर विवेक भाटिया और एसपी बिलासपुर अशोक कुमार श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की जिसके बाद शोभायात्रा शुरू हुई। करीब 1:15 बजे मेला ग्राउंड में बैल पूजन किया गया और खूंटा गाड़ा गया। शोभायात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि सदियों से चले आ रहे इस मेले में भाग लेने के लिए सुबह से ही श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर में लोग पहुंचना शुरू हो गए। वहीं इस मौके पर ढोल और नरसिंगों की स्वरलहरियों से मौके पर माहौल देखते ही बन रहा था। इस मौके पर पुरुषों के लिए पगड़ियों और महिलाओं के लिए दुपट्टे का भी प्रावधान किया गया। मेला ग्राउंड में उपायुक्त बिलासपुर ने कहा कि मेला हमारी संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। मेले से पहले लोगों के सुझाव मांगे गए थे। जिसके आधार पर मेले का आयोजन किया गया। वहीं इस मौके पर हमें एक दूसरे की संस्कृति और सभ्यता को भी समझते हैं। इस मौके पर एएसपी भागमल ठाकुर, एसडीएम प्रियंका वर्मा, डीएसपी संजय शर्मा, तहसीलदार जय गोपाल शर्मा, आईटीआई प्रधानाचार्य अजेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।