बिलासपुर (रामपुर)। नैनीताल हाईवे किनारे दोनों तरफ फैले अतिक्रमण और एक खराब ट्रैक्टर ट्राली की वजह से वाहन चार घंटे से अधिक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे यात्री बहेद परेशान रहे।नैनीताल हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह से ही भैया दूज के लिए जाने वाली वाहनों और उनके परिवारों के कारण रुद्रपुर और रामपुर की तरफ जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरु हो गईं। पूर्वाह्न करीब 11 बजे रुद्रपुर की तरफ से नगर की मंडी जा रही धान भरी एक ट्रैक्टर ट्राली अचानक नैनीताल हाईवे स्थित बिजलीघर के पास खराब हो गई। ट्रैक्टर ट्राली खराब होते ही हाईवे पर वाहनों के बढ़ते दबाव ने जाम की स्थिति पैदा कर दी। धीरे- धीरे हालत यह होने लगी कि हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरु हो गईं। रुद्रपुर और रामपुर की ओर हाईवे पर करीब एक किलोमीटर जाम लग गया। जाम का आलम यह हो गया कि धूप में यात्री बेहद परेशान हो गए। जाम की खास बजह नगर में फैला अतिक्रमण व जर्जर हाईवे भी रहा। हालांकि, पुलिस दिन भर जाम को खुलवाने मेें लगी रही। फिर भी वाहन रेंग- रेंग कर गुजरे। पुलिस ने किसी तरह जाम को शाम करीब तीन बजे तक खुलवाया। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर ट्राली हाईवे से हटवा दी गई थी, इसके बाद पूरे दिन पुलिस कर्मी जाम खुलवाने में लगे रहे थे। ज्ञात हो कि इस समय धान का सीजन चल रहा है। दिन रात किसान अपने निजी वाहनों से धान की फसल को लेकर मंडी जा रहे हैं। इससे हाईवे पर रोजाना ही वाहनों का दबाव कुछ अधिक ही है। किसानों का कहना है कि जर्जर हाईवे के कारण उनके वाहन कुछ ज्यादा ही खराब हो रहे हैं।