बिलासपुर।
पौंग बांध में डॉ. अमित भल्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की प्रदेश मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन बिलासपुर ने निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की है।
एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विजय राय ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में सरकार और पुलिस विभाग को गहनता से जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए।
डॉ. राय ने बताया कि गत पांच जून को डॉ. अमित भल्ला का शव पौंग बांध में संदेहास्पद परिस्थितियों में मिला था। कार्रवाई न होने से चिकित्सकों में रोष है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है और निष्पक्ष जांच की मांग प्रदेश सरकार से की है। डॉ. विजय राय ने कहा कि पूरे प्रदेश का चिकित्सकीय वर्ग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। वहीं, प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इस मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।