नयना देवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्ति पीठ नयना देवी जी में नव वर्ष मेला शनिवार से शुरू होने जा रहा है। मेला के दृष्टिगत मंदिर न्यास और नगर परिषद ने अपनी तैयारियां पूरीं कर ली हैं। चार दिवसीय इस मेले में काफी संख्या से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मंदिर न्यास प्रभारी ने बताया कि 29-30 दिसंबर को भीड़ कम होगी, लेकिन 31 दिसंबर और नव वर्ष को मंदिर में भीड़ काफी होगी। मंदिर अध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि नव वर्ष मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। 9 सेक्टरों में मेला परिसर को विभाजित किया गया है। हर दो सेक्टरों में एक मजिस्ट्रेट अपनी सेवा देगा, जबकि इस मेले के दौरान चार मेला मजिस्ट्रेट और 75 होमगार्ड व साथ में पुलिस कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली बार इन चार दिवसीय मेले में पंजाब से सेवा समितियों से 50 सेवा दलों को सेवा करने के लिए बुलाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर के अंदर नारियल, कड़ाह, प्रसाद तथा पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा कोताही बरतने वाले व्यक्ति के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आनंदपुर की तरफ से आने वाले वाहनों की कोल्लां वाला टोबा में तथा कोहनी मोड़ में चेकिंग होने के बाद उन्हें मंदिर मार्ग की ओर भेजा जाएगा। वहीं, घवांडल से गुफा तक टैक्सी में किराया भी 20 रुपये प्रति सवारी तय की गई है। अगर कोई टैक्सी चालक अधिक पैसा वसूल करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके साथ पार्किंग फीस बड़ी गाड़ी के 50 रुपये तय किए गए हैं।