अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता ब्लॉक युवा कांग्रेस की बैठक अध्यक्ष सुरेश नेगी की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग में हुई। बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर उपस्थित युकंा पधाधिकारियों को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश युकंा महासचिव विवेक कुमार ने कहा कि अब आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाना चाहिए। भाजपा ने बीते लोकसभा चुनावों में हर वर्ष देश के दो करोड़ युवा बेरोजगारों को रोजगार देने का वायदा किया था, लेकिन चार साल बीत जाने पर भी एक करोड़ बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाया है। केंद्र सरकार रोजगार देना तो दूर लोगों के लिए दो वक्त की रोटी भी नहीं जुटा पाई है। मंहगाई से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदेश महासचिव ने कहा कि हमीरपुर के सांसद से झंडूता विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षा है, लेकिन सांसद निधि से भी कोई नया पैसा क्षेत्र के लिए नहीं दिया है। सांसद क्षेत्र में केवल चुनावों के समय दस्तक देते हैं। वोट लेने के बाद जनता को भूल जाते हैं। इस मौके पर झंडूता ब्लॉक युकंा अध्यक्ष सुरेश नेगी, सोशल मीडिया के संयोजक विनोद गौतम, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युकंा सचिव सरदीप भारद्वाज, राजकुमार, नरेश धीमान, ओंकार चौधरी, विपिन चौधरी, दीपक नेगी, संजय कालिया, संदीप शर्मा, निशांत भारती, तनिश धीमान, अरुण ठाकुर, पिंटू धीमान, पंकज सोनी सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।