श्रीनयनादेवी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी में माता की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जयंती पर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। वहीं भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार, उत्तराखंड और अन्य प्रदेशों से जयंती मनाने के लिए श्रद्धालु यहां पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भागड़ा डाला, वहीं जगह-जगह पंजाब और हरियाणा की समाजसेवी संस्थाओं ने स्वादिष्ट व्यंजन श्रद्धालुओं को परोसे। मंदिर पूरी रात माता के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए थे। मंदिर अधिकारी मदन सिंह चंदेल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रातभर मंदिर में डटे रहे।