बरमाणा (बिलासपुर)। सोमवार रत कोलडैम परियोजना के फायर स्टेशन के नजदीक अचानक तकनीकी खराबी के कारण एक जीप के बीच सड़क में पलटने से दो लोगों घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार बीती रात को करीब 9 बजे कोल डैम परियोजना के फायर स्टेशन के नजदीक एक जीप नंबर एचपी 24बी-1113 एकाएक ही पलट गई। फायर स्टेशन के नजदीक हुए इस हादसे के दौरान फायर स्टेशन में रात्रि गश्त के दौरान अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे एसआई ओंकार सिंह ने स्टेशन के नजदीक जोर से एक धमाके की आवाज सुनी और वे तुरंत अपनी टीम के साथ मौके की ओर दौड़े। घटनास्थल पर पाया कि पलट चुकी जीप में चालक और एक महिला भी घायल थे। फायर कर्मियों ने तुरंत घायलों को गाड़ी से निकाला और एनटीपीसी स्थित अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर उनकी मरहम पट्टी की गई। हादसे का कारण गाड़ी का पट्टा टूटना बताया जा रहा है, जिस कारण गाड़ी अचानक एक ओर मुड़ गई और ढांक से टकरा कर पलट गई। टीम में एसआई ओंकार सिंह, हेड कांस्टेबल कमल सिंह, हरभजन सिंह, कांस्टेबल मोहन कुमार, बी लाकरा आदि शामिल रहे।