बिलासपुर। सराफा एसोसिएशन की बैठक बृहस्पतिवार को तहसील रोड पर महामंत्री गगन अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर अध्यक्ष कमल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें कोतवाली प्रभारी अजय कुमार श्रोतिया ने सभी व्यापारियों से सुरक्षा के प्रति जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार शीघ्र ही आने वाला है और श्राद्ध पक्ष के समाप्त होते ही सराफ बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरु हो जाएगी। ऐसे में सभी दुकानदार सुरक्षा की दृष्टि से अपनी दुकानों के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे जरुर लगवा लें, ताकि हर ग्राहक की गतिविधियां उनके कैमरे में कैद रहे। सभी कारोबारी अपनी गोपनीयता को भंग न होने दें और समय से दुकानों को मजबूती के साथ बंद करके अपने घरों को सतर्कता के साथ जाएं। कहीं पर अगर उन्हें कुछ भी संदिग्ध लगे तो वह तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते संदिग्ध के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।