खेमराज शर्मा
बिलासपुर। सदर क्षेत्र में घट रहे पानी के स्तर को रोकने के लिए आईपीएच विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। इस कड़ी में सदर क्षेत्र विभिन्न स्थानों पर चेक डैम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा सरकार ने 1.86 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। इसको लेकर अब आईपीएच विभाग जल्द ही आगामी कार्रवाई शुरू करने जा रहा है। इन चेक डैमों के बनने से जहां मिट्टी का कटान रुकेगा, वहीं पानी का गिरता जल स्तर भी कम हो जाएगा। गौर रहे की सदर क्षेत्र में जोरों पर हो रहे खड्डों में अवैध खनन कार्य और अन्य कारणों की वजह से सदर क्षेत्र में पड़ने वाली खड्डों का जल स्तर काफी हद नीचे गिर गया है। इसके चलते जिला के कई गांवों में बरसात के मौसम में भी लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों में तो हालात ऐसे हो जाते हैं, कि लोगों को तीन से चार दिनों तक पानी ही नहीं मिल पाता। इसके बाद उन्हें पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते हैं। वहीं, शहर में भी गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की कमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस सबका मुख्य कारण भू-जलस्तर का गिरना है। इसकी पुष्टि स्वयं आईपीएच विभाग की कर चुका है। इसके चलते उन्होंने खड्डों में पानी के स्तर को कम होने से बचाने के लिए चेक डैम बनाने की योजना बनाई है। विभाग अब इसको लेकर विभिन्न खड्डों पर चेक डैम का निर्माण होगा। इसके लिए विभाग के खड्डों और नालों में पहले चरण में 9 चेक डैम का निर्माण होगा। इससे जहां जमीन का कटाव रुकेगा। वहीं पानी का गिरता स्तर भी सुधरेगा। आईपीएच विभाग के एक्सईएन राकेश पराशर ने बताया की 9 चेक डैम निर्माण पर एक करोड़ 86 लाख 20 हजार खर्च किया जाएगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।