संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने बलोह के पास एचआरटीसी बस में सवार एक युवक को 10.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बालकृष्ण (28) पुत्र शांतनु निवासी सैणी मोहरी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार टीम बलोह के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बस में सवार बालकृष्ण की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। घुमारवीं थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस नशे के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।