खजुरिया/बिलासपुर। बिजली के खंभे पर काम कर रहा एक लाइनमैन खंभा के टूटने से जमीन पर गिर गया और गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम खड़िया निवासी मुकेश कुमार (26) बेगमाबाद बिजलीघर में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार की शाम करीब चार बजे मुकेश अपने कुछ साथियों के साथ ग्राम इटंगा बैरमनगर के जंगल में बिजली की लाइन पर तार खींचने के लिए खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था।अचानक खंभा टूटने की वजह से वह जमीन पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। घायल को लोगों ने आनन फानन में एक चिकित्सक को दिखाया, मगर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल ले जाने को कहा।बाद में बिजलीकर्मी उसे जिला अस्पताल ले गए हैं। घायल की हालत में सुधार बताया गया है।