एक साल से इंतकाल और निशानदेही लटकी
पटवारी न होने के कारण लोगों को हो रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला (बिलासपुर)।
श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले पटवार सर्किल स्याहुला में एक वर्ष से पटवारी अपने कार्यालय में कभी कभार ही बैठता है। इससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है की स्याहुला पटवार सर्किल में तैनात पटवारी के पास पांच अन्य पटवार सर्किल का जिम्मा भी है। इससे वह स्याहुला पटवार सर्किल में नाम मात्र समय के लिए उपलब्ध रहता है। जुखाला पंचायत की प्रधान अनीता ठाकुर, स्याहुला पंचायत प्रधान पुष्पा ठाकुर, जुखाला पंचायत समिति सदस्य रूपेश भट्टी, जिला स्तरीय सायर मेला समिति के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर आदि जनप्रतिनिधियों ने बताया कि स्याहुला पटवार सर्किल में पटवारी एक वर्ष से थोड़े समय के लिए उपलब्ध रहता है। इससे स्थानीय लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्य निपटाने के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आजकल बच्चों को अपने सर्टिफिकेट बनवाने पड़ रहे हैं। पटवारी के न होने के कारण बच्चों के सर्टिफिकेट नहीं बन पा रहे हैं। बच्चों को बार-बार पटवार सर्किल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। थक हारकर इन बच्चों और स्थानीय लोगों को जिला मुख्यालय की तरफ का रुख करना पड़ रहा है। जन प्रतिनिधियों ने बताया कि यहां की जनता पिछले एक वर्ष से जमीन के इंतकाल और निशानदेही करवाने के लिए तरस रही है। जुखाला पंचायत प्रधान अनीता ठाकुर, स्याहुला पंचायत प्रधान पुष्पा ठाकुर, जुखाला पंचायत समिति सदस्य रूपेश भट्टी, जिला स्तरीय सायर मेला समिति के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर इत्यादि जन प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यहां पर तैनात पटवारी को तुरंत प्रभाव से स्थानांतरित किया जाए और इसके स्थान पर अन्य पटवारी को यहां पर तैनात किया जाए।