संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में रविवार को 10 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। हालांकि श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी को श्रद्धालुओं की संख्या में कमी का कारण माना जा रहा है। मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मुख्य और निकासी द्वार पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठंडे पानी की छबील लगाई गई। साथ ही गर्मी से बचाव के लिए मंदिर परिसर में टेंट भी लगाया। रविवार को मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए थे। सुबह काफी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। गर्मी की तपिश बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या भी कम होने लगी।