यमुनानगर में बरसात से पुलों के पास से क्षतिग्रस्त हुई तीन सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब साढे़ नौ करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
इसको लेकर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सड़क क्षतिग्रस्त होने से यहां से लोगों का आना जाना इन दिनों बंद है। रादौर से जठलाना रोड पर गांव माधुबांस के पास पुलिया के पास बरसात के पानी से सड़क बह गई है। यह रास्ता बंद है।
पुलिया के नीचे से हल्के वाहन ही गुजर पा रहे हैं। यहां पर एक अन्य पुलिया बनाने का प्लान भी विभाग का है। वहीं दूसरा कैथ कलानौर रोड पर गांव लापरा के पास भी इस तरह से रोड की एक साइड बरसात के पानी से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस मार्ग से गुजरने में लोगों दिक्कतें पेश आ रही हैं। भारी वाहनों की आवाजाही यहां पर प्रभावित है। यहां पर पुलियां को भी पानी से क्षति पहुंची है।
कॉलेज बसों का आना-जाना है बंद
रादौर में कई पॉलीटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज हैं। जिसमें सैकड़ों स्टूडेंट्स पढ़ते हैं। गांव माधुबांस के पास बरसात के पानी से डैमेज पुलिया के पास की सड़क के कारण कॉलेजों की बसों का आनाजाना बंद है।
अन्य रास्ता दस से 12 किलोमीटर ज्यादा पड़ता है। जिस कारण या तो कॉलेज बसें बंद हो चुकी हैं या फिर स्टूडेंट्स को अन्य वाहनों का सहारा लेकर कॉलेज आना जाना पड़ रहा है।
यहां पर पुलिया के पास क्षतिग्रस्त रोड बनने से स्टूडेंट्स के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों को भी फायदा होगा। इस रोड को जहां यूपी को जाने वाला शार्टकट रोड बोला जाता है, वहीं क्षेत्र के 15 गांव को रादौर से भी जोड़ता है।
लोगों के लिए मुसीबत बनी पुलिया
जठलाना रोड पर माधुबांस के पास बनी पुलिया क्षेत्रवासियों के लिए मुसीबत बनी हुई है। पहले भी तीन बाद यह पुलिया बरसात के पानी में बह चुकी है।
हालांकि इस बार पुलिया नहीं बही है, लेकिन उसके आसपास की सड़क बह गई है। इससे कुछ क्षति पुलिया को भी पहुंची है। विभाग की ओर से अब इसका स्थाई समाधान किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बरसात के दिनों में ऐसी स्थिति न बन पाए।