जगाधरी में बदमाशों ने मंगलवार देर शाम रेलवे रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के सामने माडल टाउन के एक लोहा व्यापारी ओमप्रकाश की कार में पेंचर बताकर कार में रखा हुआ साढे़ तीन लाख रुपये उड़ा लिए।
व्यापारी की कार में सीट पर अखबार में लपेेटकर रुपये रखे थे। पैसे चोरी होने के बारे में पता चलते ही व्यापारी शोर मचा दिया,जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद शहर यमुनानगर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
शहर पुलिस यमुनानगर ने ओमप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है। मॉडल टाउन निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उसकी रेलवे रोड पर ओम ट्रेडिंग कंपनी के नाम से लोहे की दुकान है।
मंगलवार को उसे लोहे के सामान की साढे़ तीन लाख रुपये पेमेंट मिली थी। जिसे उसने अखबार में लपेट कर कार की सीट पर रख दिया और दुकान को बंद करके वह कार लेकर घर की ओर निकल पड़ा।
इस दौरान जब वह गाड़ी लेकर आईसीआईसीआई बैंक के सामने पहुंचे तो उसके बाहर खडे़ दो युवकों ने उसे कार रोकने का इशारा किया। कार रोकने के बाद युवकों ने उसे कहा कि अंकल आपकी कार का टायर पंक्चर हो गया है।
इस दौरान ओमप्रकाश कार से नीचे उतरा और खिड़कियां बंद करके पेंचर लगवाने वाले की खोज में पीछे की ओर निकल पड़ा। कुछ देर बाद जब वह कार का टायर खुलवाने के लिए मैकेनिक को साथ लेकर आया तो कार की सीट से अखबार में लिपटा रुपयों को बंडल नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसकी कार के पास दो युवक टहल रहे थे। सूचना मिलने के बाद शहर यमुनानगर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी अजीत कुमार का कहना है कि पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे में मिल सकती है फुटेज
पुलिस का कहना है कि बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। जब युवकों ने वारदात को अंजाम दिया, वे बैंक के बाहर ही खडे़ हुए थे।
पुलिस को उम्मीद है कि युवकोें द्वारा की गई वारदात बैंक के कैमरे में जरूर कैद हुई होगी। पुलिस का कहना है कि बुधवार को बैंक के कैमरे की फुटेज को खंगाला जाएगा।