बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी व अन्य। संस्था
जगाधरी। क्रीड़ा भारती की ओर से मनाए जा रहे खेल पखवाड़े के अंतर्गत अब लड़के-लड़कियों का दो दिवसीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से लड़कों की दस और लड़कियों की दस टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया। पहले दिन रविवार को लड़कियों की प्रतियोगिता करवाई गई, जबकि दूसरे दिन लड़कों की टीमें मैदान में टक्कर देने के लिए उतरीं। बारिश आने के कारण प्रतियोगिता कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी। ऐसे में देर शाम तक खेल जारी रहा। देरी के कारण सोमवार को इसके परिणाम जारी नहीं किए जा सके। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष सुमित गुप्ता ने किया। पहले दिन लड़कियों की दस टीमों के बीच विभिन्न मैच करवाए गए। इस दौरान लड़कियों ने बेहद शानदार खेल तकनीक व जोश का प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरे दिन लड़कों की टीमों में मैच करवाए गए। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी टीम की जीत के लिए प्रयास किया।
सुमित गुप्ता ने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य बच्चों, किशोरों व युवाओं को खेल से जोड़कर उनका शारीरिक, मानसिक व वैचारिक विकास को बढ़ावा देना है। खेल से शारीरिक व मानसिक विकास के साथ खिलाड़ियों में दलगत कार्य, नेतृत्व व उसमें काम करने, दूसरों के सहयोग व परिश्रम करने की भावना का विकास होता है।
इसी उद्देश्य से यह खेल पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस प्रकार के खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। क्रीड़ा भारती के उत्तर क्षेत्र के सह-संयोजक उमेश प्रताप वत्स ने कहा कि उनका उद्देश्य गांव-गांव व शहर-शहर में खेलों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि खेलों से टूर्नामेंट युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र भावना का विकास करते हैं। संवाद