रादौर।
अपने दोस्त के साथ उत्तर प्रदेश से गुमथला अनाजमंडी में गेहूं की ढुलाई करने आये एक प्रवासी मजदूर की यमुना नदी पार करते समय गुमथला घाट पर डूबने से संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। प्रवासी मजदूर 6 मई को सुबह 10 बजे अचानक लापता हो गया था। जिसकी परिजन व आसपास के लोग तलाश कर रहे थे। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के विरूद्ध मामला भी दर्ज किया। लेकिन शुक्रवार की देर शाम प्रवासी मजदूर का शव यमुनानदी के गुमथला घाट के पास पानी पर तैरता हुआ मिला। जिसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त करने पर पता चला की शव गांव कुतुबपुर,थाना सरसावा, जिला सहारनपुर निवासी जीवन दास (28) का है। जिसके बाद मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाते हुए शव को परिजनों के हवाले कर दिया। जिसके बाद गांव कुतुबपुर में शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। गांव कुतुबपुर निवासी प्रिंस ने बताया कि उसका बड़ा भाई जीवनदास अपने एक साथी के साथ गुमथला अनाजमंडी में गेहूं की ढुलाई करने के लिए आया था। इस दौरान जब वह 6 मई को यमुनानदी के गुमथला घाट पर अपने गांव जाने के लिए आया तो कुछ लोग तैरकर नदी पार कर रहे थे। उनको देखकर उसके बड़े भाई जीवनदास ने भी तैरकर नदी पार करने की कौशिश की। लेकिन वह नदी में डूब गया। आसपास के लोगों ने उसके भाई को तैरकर बचाने की कौशिश की। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार की देर शाम उसके भाई का शव गुमथला घाट के पास से बरामद हुआ। 2 वर्ष पहले उसके बड़े भाई जीवनदास की शादी पिंकी के साथ हुई थी। उसका भाई मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा चलाता था।