बिलासपुर। रणजीतपुर रोड पर अहड़वाला के पास दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार अस्पताल में चला रहा है।
पिंजौरा निवासी हुकुम सिंह ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त है। उसका बेटा कमलजीत सिंह (30) प्राइवेट नौकरी करता था। सोमवार को उसका बेटा कमलजीत सिंह व उसका दोस्त गाढ़वाली निवासी प्रदीप बाइक पर अपने काम से रणजीत पर मोटरसाइकिल गए थे। काम समाप्त कर देर शाम वह रणजीतपुर से वापस अपने गांव पिंजौरा जा रहे थे। बाइक उसका बेटा चला रहा था। जब वे रणजीतपुर मार्ग पर गांव अहडवाला के सरकारी स्कूल के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज गति से बाइक पर युवक आया। आरोप है कि आरोपी युवक ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए सीधी टक्कर उसके बेटे की बाइक में मार दी। टक्कर लगते ही उसका बेटा और उसका दोस्त बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
लोगों ने उन्हें बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसके बेटे कमलजीत को मृत घोषित किया। जबकि उसके दोस्त प्रदीप को जगाधरी सिविल अस्पताल रेफर किया। जहां उसे उपचार दिया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जांच अधिकारी एसआई राकेश कुमार का कहना है कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।