संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र में बाइक को लेकर मारपीट में घायल हुए शिव कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय जितेंद्र की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन युवकों ने उसके सिर में बेसबॉल का डंडा मार घायल किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले में हत्या की धारा ईजाद की है।
शिव कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र ने फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके भाई जितेंद्र के दोनों पैरों में फ्रेक्चर था। वह बेसबॉल का डंडा लेकर चलता था। उसकी कुछ दिन पहले रणजीत कॉलोनी निवासी अक्षय के साथ बाइक पीछे करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद से अक्षय उसके भाई से रंजिश रखने लगा था। वीरवार को उसके भाई जितेंद्र के दोस्त ने उसे बताया कि अक्षय अपने साथियों के साथ उसके भाई जितेंद्र के साथ मारपीट कर रहा है।
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि अक्षय अपने साथी जैन कॉलोनी निवासी तिलकराज व सूरज कुमार उर्फ संटा के साथ मिलकर उसके भाई को बेसबॉल व डंडों से पीट रहा था। आरोपियों ने बेसबॉल के डंडे से उसके भाई के सिर पर वार कर घायल कर दिया। सिर में डंडा लगने से उसका भाई लहूलुहान होकर बेहोश हो गया था।
तब उसने लोगों की मदद से अपने भाई को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसके भाई की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फर्कपुर थाना पुलिस ने मामले में तीनों आरोपी युवकों पर हत्या की धारा ईजाद की है।