संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रेलवे बाईपास के नजदीक कमानी चौक के पास शनिवार की रात कार ने पीछे से बाइक सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां एक युवक की मौत हो गई। हादसे के समय तीनों दोस्त पेंट का काम करने के लिए खुर्दी जा रहे थे। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुर्दी निवासी सागर (21) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर है। लॉकडाउन की वजह से कंपनी बंद है। इसलिए वह गांव में ही पेंट का काम कर रहा है। पेंट का काम करने के लिए वह अपने दोस्त यमुना विहार कालोनी निवासी मोहित नायक व आजाद नगर निवासी गणेश को ले जाने के लिए बाइक पर सवार होकर आया था। यहां से दोनों दोस्तों को बाइक बिठाकर वह अपने गांव खुर्दी जा रहा था। बाइक वह चला रहा था। उसके पीछे उसका दोस्त गणेश व मोहित बैठे थे। देर रात करीब 11 बजे जब वे कमानी चौक से विश्वकर्मा चौक की तरफ जा रहे थे तो पीछे से तेज गति से एक कार आई।
आरोप है कि चालक ने लापरवाही से चलाते हुए अपनी कार की सीधी टक्कर पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे तीनों बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोपी कार चालक फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां उसके दोस्त मोहित की मौत हो गई। उसे व गणेश को उपचार दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।